इटावा। महंगे गैस सिलिंडर से निजात के लिए शहर में नैचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति हाईवे में अटक गई है। पाइप लाइन हाईवे के नीचे से निकालने की अनुमति एनएचएआई की ओर से नहीं मिल पा रही है। घरों में कनेक्शन देकर मीटर भी लगा दिए गए हैं लेकिन अनुमति न मिलने से पीएनजी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
शहर के लाइनपार के मोहल्लों अशोक नगर, भरथना चौराहा, विजय नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, पुरानी पीएसी गली आदि में पीएनजी गैस आपूर्ति के लिए एक साल पहले पाइपलाइन बिछा दी गई थी। घरों में कनेक्शन भी दिए जा चुके हैं। अक्टूबर 2021 से घरों तक पाइप के जरिये गैस की आपूर्ति करने का लक्ष्य था, किंतु अभी तक घरों तक गैस नहीं पहुंच पाई है। मुख्य लाइन से शहर की लाइन तक गैस आपूर्ति के लिए पाइप लाइन हाईवे के नीचे से निकाली जानी है लेकिन एनएचएआई की ओर से अनुमति नहीं मिल पा रही है। पीएनजी आपूर्ति की जिम्मेदारी टारेंट गैस कंपनी को दी गई है। कंपनी ने महेवा, जसवंतनगर, बकेवर और भरथना में भी पाइपलाइन डालने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कस्बों में भी काम बहुत धीमी चल रहा है। एनएच-19 गुजरने के पुलों के नीचे से पाइप लाइन बिछाने की अनुमति एनएचएआई की तरफ से नहीं दी जा रही है।
उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ
अभी 14.2 किलो का गैस सिलिंडर 1000 रुपये से अधिक का पड़ रहा है। चार लोगों के परिवार में पीएनजी का दो महीने का बिल करीब 800 रुपये ही आएगा। पीएनजी की आपूर्ति शुरू न होने से उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ पड़ रहा है।
दो तरह की स्कीम चला रही कंपनी
कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी दो तरह की स्कीम चला रही है। पहली एकमुश्त और दूसरी किस्तों (1 बिल) में पैसा जमा करने की है। गैस का बिल दो माह में एक बार आएगा। एकमुश्त स्कीम में 7090 रुपये ग्राहकों को जमा करने होंगे, जो कि कनेक्शन कटने के बाद वापस कर दिए जाएंगे। इस सिक्योरिटी राशि में ग्राहकों के घर में पाइपलाइन, मीटर और गैस का रेग्युलेटर आदि दिया जाएगा। वहीं किस्त में लेने पर हर दो माह में 530 रुपये देने होंगे।
ऐसे कर सकते हैं बुकिंग
ऑनलाइन बुकिंग के लिए https://domesticregistration.torrentgas.com/allGaPortalOnboardingForm पर क्लिक करके जिले के तौर पर इटावा को चुनना होगा। ऑफलाइन बुकिंग कराने के लिए कंपनी के विजय नगर चौराहे पर स्थित ऑफिस में संपर्क किया जा सकता है। ढाबा, होटल और रेस्टोरेंट संचालक भी पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। पीएनजी का कनेक्शन लेने के बाद ग्राहकों को एलपीजी सिलिंडर कनेक्शन सरेंडर करना होगा।