बसरेहर थाने की पुलिस ने कस्बे में चेकिंग के दौरान गौवंश से लदा ट्रक पकड़ा। पुलिस को देखकर चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को ट्रक से 49 गौवंश बरामद हुए। जांच में ट्रक का नंबर भी फर्जी निकला। पुलिस ने धोखाधड़ी के अलावा पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
एसएसआई मनोज कुमार फोर्स के साथ कस्बे में गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक इटावा की ओर से गौवंश लादकर आ रहा है। इसी सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखकर चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने ट्रक को खोलकर देखा तो उसमें 49 गौवंश लदा था। एसएसआई मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने ट्रक के रजिस्ट्रेशन के बारे में जानकारी की तो वह फर्जी पाया गया।
उसके अलावा चेसिस व इंजन नंबर भी घिसे पाए गए। अज्ञात चालक के खिलाफ धोखाधड़ी के साथ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।