इटावा। होली पर नोएडा से घर लौट रहे सॉफ्टवेयर डेवलपर को जहरखुरान गिरोह के सदस्यों ने नशीला बिस्कुट खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद मोबाइल, लैपटॉप समेत कीमती सामान व 14 हजार रुपये पार दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
अमन राजावत निवासी पीपल अड्डा ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वह नोएडा में सॉफ्टवेयर डेवलपर है। होली में दो मार्च को बस से रोडवेज से घर लौट रहा था। रास्ते में बस पर नजदीक बैठे व्यक्ति से उसकी बातचीत होने लगी। कुछ ही देर में उससे दोस्ती हो गई। इसके बाद अमन को विश्वास में लेकर बिस्कुट खिला दिया जिसके बाद वह बेहोश हो गया। जब हॉस्पिटल में उसे होश आया तब उसे जानकारी हुई कि उसका मोबाइल, लैपटॉप, पर्स समेत जरूरी कार्ड और सामान चोरी हो गया। उसके एटीएम कार्ड से 14 हजार रुपये भी पार कर दिए। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।