इकदिल। मंगलवार सुबह औरैया से उपचार के लिए बस से अपनी नानी के संग इटावा आ रही बालिका की नेशनल हाईवे पर इकदिल में तबीयत बिगड़ गई तो वे बस से उतर गए। हालत इतनी बिगड़ी कि बालिका ने वहीं पर अपनी नानी की गोद में ही दम तोड़ दिया। इस घटना से नानी की हालत भी बिगड़ गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर बालिका के शव को पोस्टमार्टम तथा नानी को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया।
औरैया के प्रेम नगर में रहने वाली राधा देवी पत्नी ओमकार सिंह की बेटी की बेटी 10 वर्षीय बबिता पुत्री नरेश के पेट में सुबह लगभग 4 बजे दर्द होने लगा। इस पर राधा देवी उसे लेकर इटावा आने के लिए औरैया रोडवेज की बस में सवार हो गईं। थाना इकदिल क्षेत्र में नेशनल हाईवे 2 पर मस्जिद के पास अचानक तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण वह नातिन सहित बस से उतर गईं। उतरने के बाद पेट में दर्द इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते नातिन ने नानी की गोद में दम तोड़ दिया। हाईवे के किनारे रह रहे लोगों ने राधा देवी को रोते देखकर उनके घर उनके फोन से सूचना दी कि इन दोनों की तबीयत अत्यंत खराब हो गई है। सूचना पाकर राधा देवी का पुत्र सूरज औरैया से इकदिल आ गया और वहीं के लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर 100 नंबर पुलिस और थाना अध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। राधा देवी के पुत्र सूरज ने बताया कि हमारी बहन की लगभग 10 वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। तबसे भांजी बबिता हमारे पास ही रह रही थी। पुलिस ने नान को उपचार के लिए जिला अस्पताल एंबुलेंस से भिजवाया और बबिता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।