पूर्व सभासद के भाई के तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनके पास से पुलिस को असलहा भी बरामद हुए है। यह तीनों हत्या के बाद सीसीटीवी में कैद हो गए थे। पुलिस अन्य की तलाश कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कबीरगंज मोहल्ले में पूर्व सभासद विमल वर्मा के भाई जितेंद्र उर्फ मोनू की गुरुवार देर रात तीन गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर मोनू की सांसे थमने तक गली में ही खड़े होकर उसकी मौत का इंतजार करते रहे थे।
मोनू की मौत होने के बाद भाग रहे तीन आरोपी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को पकड़े गए आरोपियों के पास से असलाह बरामद हुआ है। सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मोनू के सिर में तीन गोली मारी गई, जो उसक े आर-पार हो गई। साथ ही बाइक से गिरकर घायल होने की भी चोट है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पूछताछ के दौरान कई पहलू सामने आए है, जिस आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।