इटावा। नगर पालिका शहर में 50 करोड़ से विकास कार्य कराएगी। फैंसी स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ सुंदरीकरण का कार्य होगा। पेयजल, सफाई और मार्ग प्रकाश व्यवस्था से जुड़े काम प्रमुखता से होंगे। 160 वाटर कूलर लगवाए जाएंगे। सिद्धपीठ कालीबांह मंदिर का सुंदरीकरण भी होगा।
शुक्रवार को पालिका कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में चेयरमैन ज्योति गुप्ता और ईओ विनय मणि त्रिपाठी ने बताया कि शहर के विभिन्न चौराहों, पक्का तालाब का सुंदरीकरण, आरटीओ रोड व पचावली रोड पर नाला निर्माण और विभिन्न गलियों के निर्माण के लिए 23 करोड़ 45 लाख 69 हजार 150 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं एक करोड़ 70 लाख 52 हजार 705 रुपये से शहर में 160 वाटर कूलर, 10 सौर ऊर्जा से संचालित पंप लगवाए जाएंगे।
बताया कि दो बड़े ट्यूबवेल की स्थापना, चार बढ़े वाटर टैंकर व 30 नई तकनीकी के आरओ वाटर कूलर लगवाए जाएंगे। सिद्धपीठ कालीबांह मंदिर, श्मशान घाट, कब्रिस्तान का सुंदरीकरण और नगर की सीमाओं पर प्रवेश द्वार बनवाने के लिए 10 करोड़ 73 लाख 18 हजार 960 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। तीन करोड़ 15 लाख 45 हजार 915 रुपये की धनराशि से अंडर ग्राउंड डस्टबिन, कीटनाशक छिड़काव के लिए 80 मशीन व 300 हाथ कूड़ा गाड़ियों की खरीदारी होगी।
चेयरमैन ने बताया कि नगर में प्रकाश व्यवस्था के लिए मुख्य चौराहों व सभी गलियों में स्ट्रीट लाइटों की स्थापना के साथ ही प्रमुख सड़कों 10 करोड़ 84 लाख 43 हजार 500 रुपये से फैंसी लाइटें लगवाई जाएंगी। कुल 49 करोड़ 89 लाख 30 हजार 230 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।ेचेयरमैन ने बताया कि शहर के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रह हैं। मार्ग प्रकाश व्यवस्था से लेकर पेयजल और सुंदरीकरण करवाने की प्रक्रिया को तेजी से बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान चेयरमैन के पति कुलदीप गुप्ता व कई सभासद मौजूद रहे।