फोटो: 29 बारिश के बाद नगला खांद में धराशाई कच्चा मकान। स्रोत ग्रामीण
बकेवर। महेवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पुरावली के नगला खांद में सोमवार रात एक कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़कर पहुंचे लेकिन गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग मकान के दूसरे हिस्से में थे जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ढहा कच्चा मकान नगला खांद निवासी दया हरन का था।
उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। रात के समय अचानक मकान गिर गया। मलबे में चूल्हा, अनाज, भूसा और खाने-पीने का सामान सहित घर का पूरा सामान दबकर बर्बाद हो गया। पीड़ित परिवार के पास अब रहने और खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।