इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाने के अंदर सोमवार रात शिक्षक की पत्नी की पिटाई का मामला तूल पकड़ने लगा है। गुरुवार को सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने अपर मुख्य सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक से मामले की शिकायत की। सांसद का कहना है कि पीड़ित परिवार से मिलने के बाद पता चला कि शिक्षक की पत्नी संगीता को थाने में पीटने के बाद महिला सिपाही के जूतों पर जबरन नाक रगड़वाई गई। उन्होंने डीएम से मिलकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। वहीं, एसएसपी ने कार्यवाहक थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका पास में स्थित एक जेलर के मकान में किराये पर रहती है। उसी मकान में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अरुण कुमार पत्नी संगीता के साथ रहते हैं। सोमवार रात करीब 12 बजे सिपाही प्रियंका ड्यूटी से वापस लौटी तो गेट खटखटाया। संगीता करीब 20 मिनट बाद गेट खोलने पहुंची तो प्रियंका उनपर भड़क कर अभद्रता करने लगी। विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हो गई।
आरोप है कि पुलिसिया रौब गांठते हुए प्रियंका ने थाने से अपने सहकर्मियों को बुलाया। पुलिस संगीता, अरुण और उनके सहयोग में आई एक और पड़ोसी महिला को छोटे बच्चे के साथ थाने ले गई। यहां संगीता को दरोगा और सिपाहियों ने बुरी तरह से मारा पीटा। रातभर थाने में रखने के बाद तीनों के खिलाफ महिला सिपाही की तहरीर पर केस भी दर्ज कर दिया।
महिला सिपाही पर केस दर्ज करवाने की मांग
सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया का कहना है कि बड़ी सिफारिश के बाद पुलिस ने किसी तरह पीड़ितों को थाने से छोड़ा। महिला कार्यकर्ताओं से पीड़िता की चोटों की वीडियोग्राफी करवाई गई है। इसके प्रदेश के आलाकमान को देकर पुलिस की करतूत बताई जाएगी। उनका कहना है कि डीएम ने मामले की जांच के लिए प्रशासनिक अफसरों की टीम बनाई है। पीड़िता की तहरीर पर महिला सिपाही और उसके साथ घटना में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। डीएम श्रुति सिंह का कहना है कि सांसद की शिकायत पर मामले की जांच करवाई जा रही है। इसके बाद न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाहक थानेदार को एसएसपी ने किया लाइन हाजिर
घटना वाली रात फ्रेंड्स कॉलोनी थाने के प्रभारी नवरतन गौतम अवकाश पर थे। उनकी जगह एसएसआई वीरेंद्र बहादुर बतौर कार्यवाहक चार्ज संभाले थे। आरोप है कि वीरेंद्र बहादुर ने भी महिला सिपाही के कहने पर संगीता को पीटा था। पीड़ितों की शिकायत पर एसएसपी आकाश तोमर ने बुधवार रात वीरेंद्र बहादुर को लाइन हाजिर कर दिया है।