थानाक्षेत्र अंतर्गत भरथना रोड पर सोमवार शाम बुलेट सवार मां-बेटे को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट लगाए होने से उसके सिर पर गंभीर चोटें नहीं लगीं।
फ्रेंड्स कॉलोनी के अशोक नगर निवासी मनोज कुमारी (45) पत्नी राधा कृष्ण सोमवार शाम करीब सात बजेे बेटे महेंद्र के साथ बुलेट से असदपुरा भरथना निवासी भाई के घर जा रहीं थीं। महेंद्र ने गैस प्लांट भरथना रोड स्थित पंप पर पेट्रोल डलवाया।
सड़क पार करते समय इटावा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट में टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष व ट्रेनी डीएसपी सौरभ सिंह, एसआई ललित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल मां-बेटे को जिला अस्पताल भेजा, जहां डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
बेटा भर्ती है। थानाध्यक्ष व ट्रेनी डीएसपी सौरभ सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।