इटावा। तापमान बढ़ते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई हैं। पहले जहां वायरल के 20 से 30 मरीज निकल रहे थे अब इनकी संख्या 70 से अधिक हो गई है। डॉक्टर 230 से लेकर 250 मरीजों की जांच करवा रहे हैं। इसमें अधिकतर वायरल फीवर के मरीज निकल रहे हैं। डॉक्टर दवा के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
सोमवार को बाबा भीमराव आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में 1167 मरीजों ने दोपहर एक बजे तक पंजीकरण करवाया। इसमें सबसे अधिक सर्दी, जुकाम, खांसी के अलावा वायरल फीवर के मरीज पहुंचे। डॉ. शांतनु निगम ने 97 मरीजों के परीक्षण के बाद जांच कराई। डॉक्टर ने ठंड या तेज बुखार आने पर तुरंत जांच करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि वायरल फीवर के बुखार में प्लेट्लेटस बहुत जल्दी कम होती है। ऐसे में खतरा अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर को दिखाकर इलाज कराना चाहिए।
मच्छर के काटने से डेंगू, चिकनगुनिया, जीका वायरस, मलेरिया, वेस्ट नाइल वायरस, पीला बुखार, फाइलेरिया, टुलारेमिया, डिरोफाइलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस आदि बीमारियां होती है।