फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मार्निंग वाकर महिला को गोली मारकर लूटा

Tue, 10 Feb 2015 11:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार की सुबह मार्निंग वॉक पर निकली महिला पर गोलियां बरसाकर सोने की जंजीर व मंगलसूत्र लूट लिया। तीन गोलियां लगने के बाद महिला घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर चलकर योग कर रहे लोगों के पास पहुंची और बेहोश हो गई।
विज्ञापन


लहूलुहान महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से परिजन शहर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां आपरेशन के बाद डाक्टरों ने महिला के चेहरे में फंसी एक गोली निकाली। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बकेवर थाना क्षेत्र के गांव नगला इमिलिया निवासी शिक्षक राजवीर सिंह की पत्नी रिंकी (30) रोज की तरह मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने गांव के बाहर सड़क पर टहलने निकलीं। जैसे ही वह गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर पहुंचीं तभी बाइक पर सवार दो लुटेरों ने उन्हें रोक लिया और गले में पड़ा मंगलसूत्र व सोने की जंजीर लूटने लगे।
विज्ञापन


यह देख रिंकी लुटेरों से भिड़ गई। महिला के भारी पड़ने पर एक लुटेरे ने फायर झोंक दिया। गोली रिंकी के कंधे को चीरती हुई पार कर गई। दूसरी गोली उसकी हथेली को भेदती हुई निकल गई। इसके बाद भी महिला लुटेरों से जूझी रही तो तीसरी गोली चेहरे पर दाग दी।

तीन गोलियां लगने से रिंकी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद बाइकर्स लुटेरे चेन व मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। तीन गोली लगने के बाद जमीन पर गिरी रिंकी ने हिम्मत नहीं हारी। वह खड़ी होकर घटनास्थल से घर की ओर करीब दो सौ मीटर चलकर वहां पहुंची जहां गांव के कुछ युवक योग कर रहे थे।

रिंकी उन्हें आपबीती बताते हुए जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। महिला को लहूलुहान देख वहां मौजूद युवकों ने अपने कपड़ों से घाव पर पट्टी बांधी और इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर महिला को जिला अस्पताल लेकर दौड़े।

यहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन रिंकी को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां आपरेशन के बाद चेहरे में फंसी गोली को बाहर निकाला गया। होश में आने पर महिला ने बताया कि लुटेरों की संख्या दो थी। वह नकाब पहने हुए थे। एसओ जेपी पाल ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

मौके से मिले तीन खोखे
बाइक सवार लुटेरों ने जिस जगह पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। जब गांव वाले मौके पर पहुंचे तो उन्हें मौके से कारतूस के तीन खोखे बरामद हुए। ग्रामीणों ने उक्त खोखे छानबीन में जुटी पुलिस के सुपुर्द कर दिए हैं। थानाध्यक्ष जेपी पाल ने बताया कि सभी खोखे पिस्टल के हैं।

24 घंटे में दूसरी वारदात
कुछ रोज खामोश रहने के बाद अपराधी एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। जिले में पिछले 24 घंटों में लूट की यह दूसरी वारदात है। पहली वारदात सोमवार की सुबह चौबिया क्षेत्र के हरदोई गांव के पास बैंक मैनेजर सुनील बाबू के साथ हुई। लुटेरे उनके पास से तीस हजार रुपये नकद व बाइक लूट ले गए थे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें