निवाड़ीकला क्षेत्र में कचरे से पटे नाले।
- फोटो : ETAWHA
निवाड़ीकला में मानसून की आहट के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र के नालों की सफाई नहीं कराई गई है। यह लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ सकती है। ग्रामीण क्षेत्र के नालों की बात करें तो इनकी सफाई महीनों से नहीं हुई है। कई चोक हो गए हैं।
ब्लॉक महेवा के ग्राम अहेरीपुर बाजार में बना कच्चा नाला बंद हो गया है। बरसात के दिनों में जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनती जा रही है। इसी तरह निवाड़ीकला में खेतों में जलभराव की समस्या को देखते हुए लुधियानी चौराहे से पूर्वांचल बैंक तक पक्के नाले का निर्माण कराया गया था।
पिछले वर्ष इस नाले की सफाई करा दी गई थी। किनारे मौरंग और गिट्टी पड़े होने से नाले की दीवारें ध्वस्त हो गई हैं। नाला चोक हो गया है। ग्राम इंद्रापुर में भी नाला की सफाई नहीं हुई है। ग्राम पंचायत मुकटपुर में मुख्य सड़क के किनारे बने नाले की भी सफाई नहीं कराई गई है।
अहेरीपुर के प्रभात तिवारी और भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने बताया कि नाला सफाई न होने से जलभराव हो रहा है। एडीओ पंचायत श्यामबरन का कहना था कि जल्द ही नालों की सफाई करा दी जाएगी।