फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘संविधान के खिलाफ काम कर रही है मोदी सरकार’

Tue, 14 Apr 2015 11:52 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
सदर विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को कांग्रेसियों ने जनसंपर्क यात्रा निकाली। लगभग पांच किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने प्रदेश व केंद्र सरकार पर निशाना साधा। आत्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों के लिए कांग्रेेसियों ने बीस लाख रुपये का मुआवजा मांगा।
विज्ञापन


मंगलवार को जनसंपर्क यात्रा निकालने से पहले कांग्रेसी पक्का तालाब स्थित संत रविदास धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां डा. अंबेडकर की चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद कांग्रेसियों ने पक्का तालाब चौराहा स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

यहां से रवाना हुई संपर्क यात्रा नुमाइश चौराहा, इंजीनियरिंग कालेज, नगला जगे, सरैया, आलमपुरा, सराय एसर गांव होते हुए कोठी विचारपुरा पहुंची। यहां पर भी डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। यहां पर विचार सभा का भी आयोजन हुआ।
विज्ञापन


इस दौरान कांग्रेसियों ने 19 अप्रैल को दिल्ली में आयोजित होने वाली किसान रैली में शामिल होने के लिए पर्चे बांटे। कांग्रेसियों ने मांग की कि भूमि अधिग्रहण अध्यादेश वापस लिया जाए। किसानों को फसल का उचित मुआवजा, आत्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों को बीस लाख की सहायता, फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की मांग भी की। इसके साथ ही लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के किसानों को सैफई के बराबर मुआवजा भी मांगा।

जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव ने कहा कि आज बाबा साहब के बनाए संविधान के खिलाफ मोदी सरकार कार्य कर रही है। बाबा साहब ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर की लड़ाई लड़ी, लेकिन आज किसान परेशान हैं। किसान-मजदूर भूखों मर रहा है और सरकारें सो रही हैं।

यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज सिंह यादव, प्रदेश सचिव अनिल यादव, जोन प्रवक्ता अतुल आक्रोश दुबे, प्रेमनारायण दोहरे एडवोकेट, शहर अध्यक्ष मुहम्मद राशिद, धर्मराज वर्मा, हंसमुखी शंखबार, सीताराम जादौन, धर्मराज वर्मा, प्रेमकिशोर द्विवेदी, कुसुमलता उपाध्याय, पल्लब दुबे, प्रशांत तिवारी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें