मध्य प्रदेश की सीमा में धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। सूरज ढलते ही पुलिस की मिलीभगत से बगैर रॉयल्टी के ओवरलोड ट्रक निकलने लगते हैं। इसकी भनक लगते ही सोमवार देर रात भरथना विधायक सवित्री कठेरिया सहसों थानों क्षेत्र के हिम्मतपुरा इलाके में पहुंची। जहां पर ओवरलोड ट्रकों को निकलते देख नाराजगी जताई। उन्होंने थानेदार समेत चौकी इंचार्ज को फटकार लगाई। साथ ही ओवरलोड ट्रकों को सीज करने के निर्देश दिए। साथ ही इसकी जानकारी जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे को दी। विधायक के आते ही हरकत में आई पुलिस ने एक दर्जन से अधिक ट्रकों को सीज कर दिया।
भरथना विधायक सावित्री कठेरिया ने सोमवार रात करीब 12 बजे क्षेत्र में अपने सुरक्षा गार्डों को लेकर निकल गईं। विधायक सावत्री कठेरिया ने थाना सहसों पुलिस व थाना चकरनगर पुलिस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की कतई मंशा यह नहीं है कि पुलिस ओवरलोड वाहनों से अवैध कमाई करें और आम जनता का शोषण करें । उन्होंने डीएम इटावा से फोन पर बात की और पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इस मौके पर भरथना विधायक ने थानाध्यक्ष सहसों से पूछा दिन भर ओवरलोड मौरंग भरे ट्रक निकल रहे हैं। आखिर पुलिस ओवरलोड मौरंग भरे ट्रकों को सीज क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने जवाब दिया कि पुलिस अपना काम ईमानदारी से कर रही है और ओवरलोड वाहनों को सीज किया जा रहा है । भरथना विधायक ने पूरे मामले में यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी को चिठ्ठी लिखने की बात कही है। उन्होंने कहा पुलिस का खनन माफियाओं से नेटवर्क जुड़ा है जिससे छापा या सघन अभियान की सूचना पहले से ही खनन माफियाओं के पास पहुंच जाती है। इधर, डीएम सेल्वा कुमारी जे ने संबंधित थानेदारों के माध्यम से अभियान चलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर उनका गुस्सा शांत हो सका। इधर, एसएसपी अशोक त्रिपाठी का कहना है कि अवैध खनन व ओवरलोड ट्रकों की इंट्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया। अगर कोई थानेदार के क्षेत्र से ओवरलोड वाहन निकाले जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खुद जाकर मौके का निरीक्षण किया है। साथ ही पुलिस को चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पीटीओ ने नौ ट्रकों का किया चालान
पीटीओ अरविंद्र कुमार जैशल ने नौ ट्रकों का परिवहन अधिनियम के तहत चालान किया। अरविंद्र कुमार ने कहा कि जिन वाहनों में ओवरलोड माल था उन्हीं का चालान किया गया। जबकि रायल्टी नहीं होने पर खनन विभाग ने आठ ट्रकों को सीज किया है।