‘गंगा को साफ करने के लिए पहले उसे अविरल करना होगा। बिना बांधों को खोले गंगा साफ नहीं हो सकती है। बांधों की वजह से ही गंगा नाले में बदल गई है।’
यह बात लोक निर्माण, सिंचाई व राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में कही। भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद मुरली मनोहर जोशी के बयान पर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि गंगा के किनारे समानांतर नाले बनवाने की आवश्यकता है।
उसका पानी अलग स्टोर करने के बाद ट्रीट कर उसे सिंचाई के काम में लाया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए रबर डैम बनाने की भी योजना है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय जलसंसाधन मंत्री उमा भारती से उनकी बात हुई है। उन्होंने कहा कि गंगा की सहायक नदियों में सिल्ट जमा होने से छिछली हो गई हैं और तभी उनमें पानी नहीं रुकता है।
काली नदी और हिंडन नदी तो सबसे गंदी हैं। मंत्री ने कहा कि कानपुर में भी नालों की वजह से गंगा गंदी है। उन्होंने कहा कि रबर डैम बनाकर पानी के संचय के लिए उन्होंने टीम भेजी है। सूखे की आशंका के सवाल पर सिंचाई मंत्री ने कहा कि सूखे से निपटने के लिए सारे इंतजाम किए जा रहे हैं। वैसे सूखा न हो इसके लिए सभी प्रार्थना करें।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश ने बांध सागर से दो हजार क्यूसेक पानी छोड़ दिया है। इससे मिर्जापुर और इलाहाबाद को पानी मिलेगा। गौरतलब है कि पानी न छोड़ने पर मंत्री ने एमपी सरकार को चेतावनी दी थी।
खराब रोडों पर बोले, ओवर लोडिंग से सड़कें खराब हो रही हैं इसे रोकने का निर्देश डीएम को दिया गया है। अगर एआरटी और प्रशासन इसमें नाकाम रहता है तो पीडब्लूडी विभाग खुद ओवर लोडिंग रोकेगा। इस मौके पर डीएम नितिन बंसल, एसएसपी मंजिल सैनी आदि मौजूद थे।