अवैध खनन करने वाले लोगाें को पकड़ने के लिए गई खनन विभाग की टीम के साथ आरोपियों ने गालीगलौज कर अभद्रता की। पुलिस के कब्जे से ट्रैक्टर भी छुड़ा लिया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
खनन अधिकारी ने खनन माफिया ग्राम प्रधान तथा ट्रैक्टर चालक सहित दो दर्जन आरोपियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही ट्रैक्टर मालिक पर 5.77 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव सकतपुरा के पास हुई। शुक्रवार को खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ निरीक्षण को निकले थे। पिलुआ हनुमान मंदिर के पास उन्हें बालू से भरा ट्रैक्टर दिखाई दिया।
उन्होंने ट्रैक्टर चालक विशेष कुमार से रॉयल्टी की रसीद मांगी लेकिन वह दिखा न सका। इस पर खनन अधिकारी ने ट्रैक्टर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ट्रैक्टर चालक से मिली जानकारी पर प्रधान सर्वेश यादव अपने दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने गालीगलौज करते हुए दबंगईपूर्वक पुलिस कर्मियोें से ट्रैक्टर छुड़ा लिया।
खनन विभाग के टीम के साथ भी उसने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रधान ने अवैध खनन करने वाले अन्य ट्रैक्टराें को भी वहां से भगा दिया।
खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने इस संबंध में प्रधान केवाला सर्वेश यादव, चालक विशेष कुमार सहित दो दर्जन के खिलाफ अवैध खनन करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी देने क ी रिपोर्ट दर्ज कराई है। खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध खनन पर ट्रैक्टर मालिक पर 5.77 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।