ताखा। चौबिया थाना क्षेत्र के रैपुरा भट्टा गांव निवासी शिवराम सिंह (50) ने शराब के साथ जहर मिलाकर पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी सरसई नावर ले गए, जहां से गंभीर हालत में आयुर्विज्ञान विवि रेफर किया गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार शाम शिवराम स्कूटी से ऊसराहार थाना क्षेत्र के सरसई नावर मार्ग पर रुद्रपुर गांव के पास स्थित एक निर्माणाधीन प्लॉट में जाकर लेट गया। प्लॉट के बाहर स्कूटी खड़ी देखकर मालिक सतीशचंद्र ने अंदर जाकर देखा तो शिवराम बेसुध पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से देशी शराब के क्वार्टर और जहर का पैकेट मिला। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा ने बताया प्लॉट मालिक को शिवराम ने शराब और जहर खाने की बात बताई थी। सूचना पर पहुंचे उनके बेटे अजय और विजय उन्हें अस्पताल ले गए। पुलिस को बेटों ने बताया शिवराम शराब पीने के आदी थे। ज्यादा शराब के पीने को मना करने पर विवाद होता था। गुरुवार को भी विवाद के बाद घर से निकले थे।