इटावा। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के 15 से 17 आयु वर्ग के समस्त छात्र-छात्राओं को कोविड-19 टीकाकरण कराया जाना है। सनातन धर्म इंटर कालेज में हुई सभी सीबीएसई और यूपी बोर्ड के स्कूलों की बैठक में सीडीओ संतोष कुमार राय ने वैक्सीनेशन कार्य को गति प्रदान करने के लिए मेगा वैक्सीनेशन नौ जनवरी को सभी स्कूलों में कराने को कहा।
कहा कि मेगा वैक्सीनेशन में सबसे अधिक टीकाकरण करवाने वाले स्कूलों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चुना जाएगा। स्कूलों को नकद धनराशि के साथ प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा।
डीआईओएस राजू राणा ने कहा कि सभी प्रधानाचार्य 15 से 17 आयु वर्ग के सभी छात्र/छात्राओं को टीकाकरण के लिए एक टोकन निर्गत करें, जिसमें छात्र-छात्रा का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, आधार कार्ड संख्या, मोबाइल नंबर, कक्षा अंकित करें।
चिकित्साधिकारी को टीकाकरण के समय अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जाएगा। स्कूल में टीकाकरण के बाद आधे घंटे रोकने के उपरांत घर भेजते हुए उन्हें अगले दिवस का अवकाश दें।
जिले के विद्यालयों में टीकाकरण के लिए विद्यालयवार, ब्लाकवार तिथि निर्धारित कर दी गई है। कक्षा नौ से 12 तक के स्कूल टीकाकरण के लिए खुले रहेंगे।
यदि कोई छात्र टीकाकरण के दिन स्कूल नहीं आता है तो प्रधानाचार्य स्वयं मोबाइल से या फिर किसी कर्मचारी के माध्यम से ऐसे स्कूल में बुलवायेंगे। उनका टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश, वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. श्रीनिवास, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव एवं महामंत्री संजय शर्मा उपस्थित रहे।