इटावा । जिले की सड़कों, बस्तियों और खेतों में छुट्टा घूम रहे गोवंश देखकर मंडलायुक्त का पारा हाई हो गया। समीक्षा बैठक में उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधकिारी को जमकर फटकार लगाई। बोले तुम तो खेती बाड़ी करते नहीं तो फिर किसानों का दर्द क्या जानों। एक सप्ताह में सभी छुट्टा गोवंश गोशालाओं में बंद हो जाने चाहिए। अगले सप्ताह फिर आकर निरीक्षण करूंगा।
मंडल आयुक्त सुधीर एम बोबड़े विकास भवन सभागार में विकास कार्यों और शासन की योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) डॉ. डीएस राजपूत से अस्थायी गोशाला और कांजी हाउस की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में 25 और शहरी क्षेत्र में पांच गोशालाएं चल रही हैं।
संचालन पर सवाल का जवाब सीवीओ ठीक से नहीं दे सके। इस पर मंडलायुक्त का पारा हाई हो गया। उन्होंने कहा कि मैं खुद देख कर आ रहा हूं, गोवंश छुट्टा घूम रहे हैं। कहा एक सप्ताह में छुट्टा गोवंश गोशालाओं में बंद कराएं और गोशालाओं की स्थिति में सुधार लाएं। पंजीकृत गोशलाओं में गोवंश के भरण पोषण के लिए गोसेवा आयोग से धनराशि के लिए प्रस्ताव शासन को भेजें। शराब और भूमाफिया पर सख्ती करने के निर्देश भी दिए।
परिवहन की समीक्षा में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष वाहन वाहन सीज करने और जुर्माना कम वसूलने पर नाराजगी जताई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवास जल्द पूरे कराने के निर्देश दिए। पीडी ने बताया कि 1150
आवास का लक्ष्य है। इसमें 1131 को प्रथम, 1022 को द्वितीय और 306 लाथार्थियों को तृतीय किस्त दी जा चुकी है। अभी तक 229 आवास बने हैं। इस स्थिति को आयुक्त ने संतोषजनक नहीं माना। बैठक में डीएम जेबी सिंह, सीडीओ राजा गणपति आर, एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट
चकरनगर के जंगल में गोशाला का मांगा प्रस्ताव
मंडलायुक्त सुधीर एम बोबड़े ने कहा कि चकरनगर क्षेत्र के जंगल में गोशाला बनाने की चर्चा जिले में चल रही है। ये अच्छा प्रयास हो सकता है। पता चला है कि कई किलोमीटर का जंगल है। अगर वहां गोशाला बनाई जा सकती है तो जिला प्रशासन प्रस्ताव बनाकर दें। मैं अपने स्तर से शासन को भिजवाऊंगा।