फोटो 08::मैकेनिक से मारपीट करते आरोपी। स्रोत वीडियो ग्रैब
सैफई। थाने से महज 200 मीटर दूर सेठ जी होटल के नीचे स्थित मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में घुसकर कार सवार पांच लोगों ने मैकेनिक के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की और मोबाइल के पार्ट्स भी क्षतिग्रस्त कर दिए। पीड़ित ने सोने की चेन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मारपीट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के नगला रवे खैरनदेशनगर निवासी बिजेंद्र सिंह सैफई में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे कार से पांच लोग उनकी दुकान पर पहुंचे। इनमें आलोक यादव और उसका छोटा भाई भी शामिल था। आरोप है कि सभी लोग दुकान में घुस आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके मुंह और दांतों में चोटें आईं।
आरोपियों ने दुकान में रखे सामान और मोबाइल के पार्ट्स तोड़ दिए। गले में पहनी सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सीसीटीवी फुटेज में चार-पांच लोग मैकेनिक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सीओ केपी सिंह ने बताया कि पीड़ित के प्रार्थना पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।