बनारस की एक महिला ने इटावा के मौलाना पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब उसने शादी करने की बात की तो मौलाना ने इंकार करते हुए जान से मरवाने की धमकी भी दी। महिला ने शनिवार को एसएसपी से शिकायत की।
महिला ने बताया कि मौलाना से उनकी मुलाकात बनारस में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे मौलाने से उसकी नजदीकियां बढ़ने लगी। मौलाना ने उसे बताया था कि वह गैर शादीशुदा है और उससे निकाह करना चाहता है। वह उसके झांसे में आ गई। इसके बाद मौलाना ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जब उसने निकाह करने की जिद की तो मौलाना ने शादी करने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि वह शादीशुदा है। यदि उसने किसी से इसकी शिकायत की तो वह उसकी हत्या भी करवा सकता है।
महिला ने प्रार्थनापत्र में यह भी बताया कि उसके पास मौलाना की आडियो टेप भी है, जिसमें उसने उसके साथ अश्लील व गालियों भरी बातें भी की हैं। इस संबंध में एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि मामला बनारस का है। चूंकि मौलाना इटावा के रहने वाले हैं, इसलिए महिला यहां आई थी।
उन्होंने एसएसपी बनारस से बात करके कार्रवाई करने के लिए कहा है। महिला को पुलिस फोर्स के साथ एक पत्र देकर बनारस भेज दिया है। बनारस पुलिस ही इस पर कार्रवाई करेगी।