इटावा। लालपुरा गांव में गुरुवार दोपहर महिला का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायके पक्ष ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
परिजनों के अनुसार, लालपुरा गांव निवासी पंकज एक निजी स्कूल में कार्यरत है। गुरुवार को वह सुबह ही स्कूल के लिए निकल गया जबकि उसकी पांच वर्षीय पुत्री आरजू घर पर खेल रही थी। पंकज की पत्नी जूली (25) घर पर अकेली थी। गुरुवार करीब 12 बजे पंकज खाना खाने के लिए घर पहुंचे। घर के अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने चौखट पर साड़ी के फंदे से पत्नी का शव लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह सन्न रह गया। सूचना मिलते ही अन्य परिजन व पड़ोसी पहुंच गए और चीखपुकार मच गई।
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि जूली की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बन गया। बसरेहर थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।