विवाहिता का फंदे पर लटका मिला शव
दो साल पहले हुई थी शादी, पुलिस जुटाए साक्ष्य
बसरेहर क्षेत्र के सरैया ताड़ गांव की घटना
इटावा। ग्राम सरैया ताड़ में शनिवार रात महिला का शव फंदे पर लटका मिला।आनन-फानन में ससुराल जन उसे उपचार के लिए सैफई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी चार माह की एक मासूम पुत्री है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरैया ताड़ निवासी रहमान अली की पत्नी केशमा (22) अपने पति के साथ ननिहाल में रह रही थी। शनिवार देर रात छत पर बने कमरे में चली गई। काफी देर आवाज न आने पर परिजन पहुंच गए तो उसे फंदे पर लटका देख चीख निकल गई। और वहां फंदे से लटक गई। परिजनों ने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और सैफई अस्पताल भागे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। रविवार सुबह से मामले की सूचना बसरेहर थाने को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल परिसर पहुंची। इस दौरान मृतका के मायके और ससुराल, दोनों पक्षों के लोग भी पहुंच गए थे। नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में घरेलू झगड़े की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि अस्पताल के जरिए महिला की मौत की लिखित सूचना रविवार सुबह थाने को प्राप्त हुई थी। सूचना पर उपनिरीक्षक महेश सिंह को टीम के साथ पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए सैफई भेजा गया था। दोनों पक्षों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।