फोटो 38::भरथना कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में आरोपी ओमशरण उर्फ विपिन। स्रोत-पुलिस
भरथना। छात्र मनीष यादव की हत्या के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड विपिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने पूछताछ में युवती से एकतरफा प्रेम के चलते हत्या की योजना बनाने की बात कबूली है। विपिन ने बताया कि युवती के भाई सीआरपीएफ जवान अभिषेक ने उसे तमंचा दिया था।
सिविल सेवा की तैयारी कर रहे नगला बंधा निवासी मनीष यादव की 18 फरवरी को हत्या हुई थी। पहले उसका कार में अपहरण किया गया था। इकदिल क्षेत्र में हत्या कर शव रेलवे लाइन पर रख दिया गया था। साक्ष्य मिटाने के लिए कपड़े जलाए गए और सामान छिपाया गया था। पुलिस ने विपिन, आकांक्षा, अभिषेक और दीपक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। ओमशरण यादव उर्फ दीपक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। रविवार रात विपिन की गिरफ्तारी हुई जिसकी निशानदेही पर तमंचा और वाहन बरामद हुए।
विपिन ने बताया कि अभिषेक ने उसे मनीष को मारने के लिए तमंचा दिया था। उसने मनीष की कनपटी पर गोली चलाई थी। दीपक ने मनीष की कमर पर चाकू से हमला किया था। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव रेलवे लाइन पर रखा गया था। पुलिस अब युवती आकांक्षा और उसके भाई अभिषेक की तलाश कर रही है।
आरोपी विपिन यादव ने एकतरफा प्रेम में मनीष की हत्या की। वह युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती मनीष से प्यार करती थी। यह बात पता चलने पर विपिन आग बबूला हो गया। उसने पहले युवती को मनीष से दूर रहने को कहा फिर मनीष को धमकाया। जब मनीष नहीं माना तो विपिन ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस पूछताछ में विपिन ने बताया कि उसने युवती के भाई अभिषेक को भड़काया। सितंबर में प्रशिक्षण के दौरान अलीगढ़ जाते समय मनीष के साथ होने की बात कहकर अभिषेक को उकसाया। इसके बाद विपिन ने अभिषेक के साथ मिलकर मनीष की हत्या कर दी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी जवान अभिषेक पंजाब के जालंधर स्थित सीआरपीएफ आधार शिविर चला गया है।