भरथना। थाना क्षेत्र के गांव पड़ियापुरा में करीब डेढ़ माह पहले ट्रक चालक हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी प्रेमी के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस इस मामले में हत्यारोपी पत्नी व प्रेमी को पहले ही जेल भेज चुकी थी।
नौ फरवरी को गांव पड़ियापुरा में ट्रक चालक रणवीर सिंह का खून से लथपथ शव खेतों में बने मकान के बरामदे में मिला था। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दोनों बाइक से भाग गए थे। मृतक के भाई प्रदीप कुमार ने थाना भरथना में अपनी भाभी पूजा, उसके प्रेमी अर्पित और अर्पित के पिता सर्वेश कुमार के खिलाफ हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि आरोपी प्रेमी का पिता सर्वेश कुमार फरार चल रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि वांछित आरोपी सर्वेश कुमार को शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे मल्हौसी पुल के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।