बकेवर । आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित मलाजनी के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक में अनियंत्रित लोडर पीछे से घुस गया। इसमें लोडर में सवार महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने महिला समेत दो को मृत घोषित कर दिया जबकि चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सैफई कर दिया गया। हादसे में मृतक व घायल हरियाणा में मजदूरी करते थे, वहां से लोडर से घर लौट रहे थे।
संजू (40) निवासी ऊंचा अजीतमल, औरैया अपने दो पुत्रों ईशू व धोनी के अलावा कल्लो (38) निवासी पल्लापुर, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात, अपने पति रामदास व महादेव निवासी ग्राम मखोली थाना मूसानगर कानपुर देहात के साथ हरियाणा में मजदूरी करता था। वहां काम बंद होने पर वह लोडर से औरैया लौट रहे थे।
शुक्रवार सुबह 3:40 मिनट पर वह आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित मलाजनी के पास पहुंचे थे। इस दौरान लोडर चला रहे संजू को झपकी आ गई, इससे लोडर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इसमें महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएचआई व पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां डॉक्टर ने संजू व कल्लो को मृत घोषित कर दिया जबकि संजू के पुत्र ईशू, धोनी, रामदास व महादेव को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गाड़ी समेत हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतक परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक चालक पर कार्रवाई की जाएगी।