भरथना (इटावा)। थाना क्षेत्र के नगला सुखलाल गांव में रविवार को आठ मोटरसाइकिलों पर सवार 15-16 लोगों ने एक किसान परिवार के घर में लूटपाट की। किसान ने बताया कि बाइक सवार बदमाश घर से जेवर व सामान समेत करीब एक लाख की नगदी ले गए। पीड़ित थाना पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला सुखलाल निवासी किसान आत्माराम ने थाना पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने खेत पर पानी लगा रहा था। उसका बेटे दीपचंद्र व जगदीशचंद्र पशुओं के लिए चारा ले रहे थे। तभी उनकी नातिन दौड़ती हुई खेत पर पहुंची और घर में लूटपाट किए जाने की जानकारी दी।
किसान आत्माराम ने बताया कि वह और उसके बेटे भागकर घर पहुंचे। घर में उनकी पत्नी नरायन देवी बेहोश पड़ी मिली। घर का सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। गांववालों ने बताया कि आठ मोटरसाइकिलों पर 16 लोग आए थे। उनके पास असलहा और लाठी डंडे थे। इन लोगों ने घर में घुसकर लूटपाट की और गांववालों को धमका गए कि यदि किसी ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसे जान से मार देंगे।
बाइक सवार यह बदमाश उसके घर से जेवर व सामान के अलावा अलमारी में से करीब एक लाख रुपये ले गए। थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर मिली है और घटना की जांच की जा रही है।