फोटो: 23 विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते अतिथि। स्रोत आयोजक
जसवंतनगर। डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज धनुवां में दो दिवसीय तहसील युवक समारोह शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेजबान डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज की टीम ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर चैंपियनशिप जीती।
समारोह के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इन आयोजनों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रदर्शन किया। देर शाम तक चली प्रतियोगिताओं के बाद निर्णायक कमेटी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्राप्त अंकों के आधार पर परिणाम घोषित किए। डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज धनुवां की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम दूसरे स्थान पर रही। मुलायम सिंह इंटर कॉलेज रायनगर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि अध्यक्ष सर्वेश मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य रामपाल सिंह यादव, राजेंद्र प्रसाद यादव, प्रधानाचार्य विनोद यादव, प्रधानाचार्य संजीव यादव, सचिन यादव और करतार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।