फोटो संख्या 32: एक दूसरे से एक मीटर दूरी बनाकर रखनी है लेकिन ये युवक लापरवाही बरत रहे हैं। शास्त्री ?
- फोटो : ETAWHA
इटावा। जनपद को 25 मार्च से तीन दिन के लिए लॉक डाउन किए जाने की खबर लगते ही लोग बाजार की ओर चल पड़े। मंगलवार की दोपहर बाद गल्ला मंडी में खरीदारों की काफी भीड़ देखने को मिली। जबकि पक्की सराय में सन्नाटा छाया रहा। महिलाओं को भी बच्चों के साथ खरीदारी करते देखा गया।
कोरोना वायरस की वजह से जनपद को कई दिनों से लॉक डाउन किए जाने की चर्चाएं चल रहीं थीं। तीन दिन घरों से बाहर न निकलने के दौरान लोगों ने जरूरी खरीदारी की। सबसे ज्यादा आटा, दाल, चावल, तेल के अलावा सब्जियां खरीदीं। इसके अलावा लोगों ने मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदीं। दूसरी ओर पक्की सराय में स्थित अन्य दुकानों पर सन्नाटा छाया रहा। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे।
हालांकि कुछ लोगों को पहले से ही इस बात का आभास हो गया था कि जरूर कुछ बड़ा होने वाला है। लिहाजा उन्होंने समय रहते जरुरी खान पान का सामान खरीद लिया था। गैस सिलिंडर तक लोगों ने भरवा लिए हैं। न जाने कब और कितने दिन का लॉक डाउन हो जाए कहा नहीं जा सकता। जिन लोगों ने इस बारे में नहीं सोचा उन्हें आज धूप में बाजार पहुंचकर खरीदारी करनी पड़ी। जिससे कि परिवार के लोगों को तीन दिन में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।