उदी (इटावा)। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के उदी गांव में स्टेट बैंक के सामने स्कूटी में टक्कर मारने के बाद लोडर अनियंत्रित होकर चंबल पुल पर पलट गया। इस हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लोडर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि स्कूटी चला रहा युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
अवारी गांव निवासी अभिषेक उर्फ लोनी (21) शुक्रवार को अपने दोस्त गांव के ही रजत (19 ) के साथ किसी काम से स्कूटी से इटावा आया था। लौटते समय उदी गांव में स्टेट बैंक के सामने तेज रफ्तार लोडर ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी पर सवार दोनों दोस्त उछल कर सड़क पर गिर गए और लोडर भी एमपी की तरफ चंबल पुल पर पलट गया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि क्षतिग्रस्त लोडर व स्कूटी को कब्जे में ले लिया गया है। लोडर चालक की तलाश की जा रही है।
कार की टक्कर से वैन सवार पांच लोग घायल
जसवंतनगर (इटावा)। बलरई रोड पर राजपुर नहर पुल के पास शनिवार को दोपहर तेज रफ्तार कार ने वैन में टक्कर मार दी। इससे वैन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। चालक वैन समेत भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
औरैया जिले के अछल्दा के वैलीपुर गांव निवासी अनिल कुमार वैन से नगला तौर गांव रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे राजपुर नहर पुल के पास मोड़ पर पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में वैन में सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। वैन में आगे बैठे चालक व उसके पिता को गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि वैन को टक्कर मारने वाली कार की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि काफी समय पहले बंबे से निकाली गई सिल्ट सड़क के दोनों तरफ फैली है। इसकी वजह से कई बार लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। शनिवार को भी सड़क पर फैली सिल्ट से कार को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ है।