asiatic lion of gir national park
- फोटो : AmarUjala
इटावा सफारी पार्क के शेरों पर छाया कैनाइन डिस्टेंपर संक्रमण का साया अब दूर हो रहा है। शुक्रवार को इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आईवीआरआई) बरेली ने भी शेरों के ब्लड, यूरिन, नाक के तरल, मल, आंखों के पानी के सैंपल रिपोर्ट सफारी प्रशासन को सौंप दी। इसमें साफ है कि शेरों पर टीके का प्रभाव तेजी से हो रहा है और वह कैनाइन डिस्टेंपर के संक्रमण से दूर हो रहे हैं। वियाना की पॉजीटिव रिपोर्ट के बाद अब आईवीआरआई बरेली की भी मुहर लगने से सफारी प्रशासन के चेहरे खिल गए हैं।
इटावा सफारी पार्क में कैनाइन डिस्टेंपर की चपेट में आकर पांच शेरों की मौत हो गई थी। इस पर अन्य शेरों में भी कैनाइन डिस्टेंपर संक्रमण पाए जाने पर अमेरिकी विशेषज्ञों व अन्य देशों के पशु विशेषज्ञों की सलाह पर शेरों को 10 जुलाई 2016 को कैनाइन डिस्टेंपर की लाइव वैक्सीन दी गई थी। जिसके अच्छे परिणाम आने लगे हैं। वियाना के पशु विशेषज्ञ डा नोवार्ड नटनी पहले ही सभी जानवरों के सीडी मुक्त होने की रिपोर्ट दे चुके हैं। वहीं शुक्रवार को आईवीआरआई बरेली ने भी सफारी प्रशासन को जो रिपोर्ट सौंप दी। सफारी के डिप्टी डायरेक्टर अनिल पटेल ने बताया कि रिपोर्ट में सभी शेरों में टीके के पॉजीटिव रिजल्ट पाए गए हैं। सभी शेरों में सीडी के लड़ने के एंटीबाडीज तेजी से तैयार हो रहे हैं। शेर सीडी के संक्रमण से मुक्त हो रहे हैं। टीके क ी सफलता का आंकलन आगे भी किया जाएगा और कुछ महीनों के अंतराल पर फिर से सैंपल जांच को भेजे जाएंगे। विशेषज्ञों की राय पर प्रत्येक वर्ष इन शेरों को दोबारा सीडी लाइव वैक्सीन का टीका दिया जाएगा।
दौड़ने लगे जेसिका के दोनों शावक
इटावा। लायन सफारी पार्क प्रशासन को शुक्रवार को एक और खुशी तब मिली जब शेरनी जेसिका के दो शावकों ने बाड़े में दौड़ना शुरू कर दिया। सफारी के अधिकारियों व डाक्टरों ने ये नजारा सीसीटीवी कैमरे से देखा। जन्म के बाद से हमेशा मां के पास लेटे रहने वाले शावक शुक्रवार को कैमरे से जुड़ी स्क्रीन पर बाडे़ में चहलकदमी करते दिखे तो तुरंत ही कीपर व डाक्टर ने इसकी जानकारी सफारी के अधिकारियों को दी। सूत्र बताते हैं कि सुबह बाड़े में चहलकदमी करने वाले शावक देर शाम बाड़े में जेसिका पीछे दौड़ते नजर आए। सफारी प्रशासन के अनुसार दोनों ही शावक पूरी तरह से स्वस्थ हैं। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक शावक बाडे़ के बाहर जाने के लिए तैयार हो जाएंगे।