जसवंतनगर। कस्बा के मोहल्ला कटरा बुलाकी दास में मंगलवार शाम करीब चार बजे तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से हादसा हो गया। बिजली सीधे टावर पर गिरने से आसपास के घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
बारिश के दौरान अचानक तेज गरज के साथ बिजली गिरी, जिसकी आवाज इतनी तेज थी कि मोहल्ले के लोग घबरा कर घरों से बाहर निकल आए। बाद में जानकारी हुई कि बिजली टावर पर गिरी है जिसके प्रभाव से आसपास के मकानों में लगे पंखे, एसी, इनवर्टर, टीवी व अन्य उपकरण फुंक गए।
स्थानीय निवासी भगवान दास, अवनीत, सनी, अशोक, सुशांक, रामचंद गुप्ता और ओमी आदि ने बताया कि घटना के चलते घरों में एक साथ बिजली के उपकरण खराब हो गए। लोगों ने बताया कि इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके चलते क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली गिरने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए।