फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: बिजली गिरने से 33 केवी लाइन के इंसुलेटर फटे, 100 से अधिक गांवों की बत्ती गुल

विज्ञापन
विज्ञापन
जसवंतनगर। बारिश के दौरान 33 केवी रायनगर विद्युत लाइन पर गुरुवार रात आकाशीय बिजली गिरने से इंसुलेटर फट गए। इससे 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। रात करीब 1:30 बजे बाधित हुई विद्युत आपूर्ति शुक्रवार शाम छह बजे तक भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। करीब साढ़े 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रहने से करीब डेढ़ लाख की आबादी उमस भरी गर्मी व पेयजल संकट से बेहाल रही।
विज्ञापन

गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे बारिश के दौरान 33 केवी रायनगर विद्युत लाइन पर बिजली गिरने से कई इंसुलेटर फट गए। नगर के विभिन्न मोहल्लों के अलावा बलरई, जुगौरा, सिरसा की आपूर्ति बंद हो गई। बीबामऊ फीडरों से जुड़े सरामई, लुंगे की मड़ैया, नगला तौर, घुरहा, जाखन, पूंछरी, नगला सलहदी, नगला रामसुंदर, अंडाबली, कोका बली, खंदिया, बलरई, नगला विशुन, बाउथ, कीरतपुर, पीहरपुर, धरवार, तिजोरा समेत सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए। बिजली आपूर्ति ठप होने से भीषण उमस के बीच लोगों को पूरी रात और दिनभर बिना बिजली के रहना पड़ा। शाम करीब छह बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू न होने से इनवर्टर जवाब दे गए, पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। स्थानीय नागरिक वेद सिंह, महेश, गोविंद, पवन कुमार, सर्वेश, गोपाल, कृष्ण मुरारी, बहादुर सिंह, अवनीत और ऋषि कुमार ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम ने समय पर आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए, इससे उपभोक्ताओं को गर्मी में परेशान होना पड़ा। लोगों ने नवागंतुक एसडीओ राजेश कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर लगातार स्विच ऑफ मिला। वहीं, जेई कौशल पांडेय ने बताया कि इंसुलेटर बदलने और लाइन दुरुस्त करने के लिए निगम की कई टीमें विभिन्न स्थानों पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं। जल्द ही आपूर्ति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें