जसवंतनगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा ने तहसील क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में लीगल एड क्लीनिक स्थापित किए हैं। इन क्लीनिकों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश आरती द्विवेदी के निर्देशन में ग्राम पंचायत धरबार में ऋषभ पाठक, जगसोरा में लालमन, अजनोरा में नीरज, जसोहन में रामसुंदर दुबे तथा धनुआ में राजेंद्र सिंह को अधिकार मित्र के रूप में नियुक्त किया गया है। ये अधिकार मित्र ग्रामीणों को कानूनी समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक कानूनी सहायता प्राप्त करने में मार्गदर्शन देंगे। प्राधिकरण का कहना है कि पंचायत घरों में संचालित होने वाले इन लीगल एड क्लीनिकों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर लोगों तक समयबद्ध न्याय और कानूनी सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। इसके अलावा नागरिकों की सुविधा के लिए नालसा का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 भी जारी किया गया है। वहीं, न्याय मार्ग ऐप के जरिए भी लोग विभिन्न कानूनी सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।