टावा सफारी पार्क का निरीक्षण करतीं भाजपा विधायक सरिता भदौरिया
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। भाजपा की सदर विधायक सरिता भदौरिया ने गुरुवार को लायन सफारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लायन सफारी पार्क को वरीयता से पूरा कराया जाएगा। पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ ही शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े प्रोजेक्ट इसमें शामिल किए जाएंगे। सफारी पार्क में वाटर पार्क भी विकसित कराया जाएगा। प्रदेश की योगी सरकार जिले वासियों को वाटर पार्क का तोहफा देगी। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि वे यमुना नदी का पानी सफारी तक लाकर वाटर पार्क विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करें। इस कार्ययोजना को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे सफारी पार्क के प्रोजेक्ट को जनता को समर्पित करने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री जी से करेंगी। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इटावा में पर्यटन की दृष्टि से सफारी पार्क और लायन सफारी काफी महत्वपूर्ण है। इनके विकसित होने से यहां देश-विदेश के पर्यटक आएंगे। इससे यहां रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
वन्य जीवों का पर्यावरण में महत्व एवं संरक्षण के बारे में भी जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इटावा सफारी पार्क में बीयर सफारी, डीयर सफारी एवं लायन सफारी को समय से पूरा कराया जाएगा। इसके विकास में भाजपा सरकार से पूरा सहयोग मिलेगा। यहां की जो भी समस्याएं अथवा दिक्कतें होंगी उन्हें मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा जाएगा। यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में देश और दुनिया में इटावा जिले की पहचान बनेगा। उन्होंने निदेशक से सफारी पार्क की पूरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वे इस प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन मुख्यमंत्री के समक्ष कराएंगी। इससे पूर्व इटावा सफारी पार्क के निदेशक संजय श्रीवास्तव ने उन्हें सफारी पार्क के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होेंने शेरों के ब्रीडिंग सेंटर, अत्याधुनिक अस्पताल, चिकित्सा सुविधाएं, शेरों के रहन सहन से संबंधित जानकारियां दीं। भालू, चीतल, हिरन और सांभर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीयर और डीयर सफारी कंपलीट होने में 5-6 महीने का वक्त लगेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री का आदेश मिलते ही दोनों सफारी को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां पर्यटकों की सुविधाओं के लिए केफेटेरिया, 4डी थियेटर की सुविधा भी रखी गई है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सफारी को साज-सज्जा की दृष्टि से आकर्षक लुक दिया गया है। इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर अनिल पटेल, डा. गौरव, भाजपा नेता राम कुमार चौधरी, रुकुम सिंह राजपूत, इरशाद अली उर्फ टिंकू, सीपू चौधरी, मुकेश यादव, विकास भदौरिया, जितेंद्र जैन हैप्पी, विवेक रंजन गुप्ता, वासु चौधरी, सुशांत दीक्षित भी मौजूद रहे।