चकरनगर को भरथना सब स्टेशन से जोड़ने के लिए खींची जा रही लाइनें।
- फोटो : अमर उजाला
बकेवर। बिजली विभाग ने बकेवर, लखना की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है। इन कस्बों को भरथना 220 सब स्टेशन से जोड़ा गया है। अब चकरनगर को भरथना सबस्टेशन से जोड़ने की कवायद की जा रही है। चकरनगर में सौ से अधिक गांवों में बिजली नहीं है। सप्लाई जल्द ही बहाल करने के लिए बिजली कर्मचारी जुटे हैं। रविवार को आई तेज आंधी से टकरुपुर बिजलीघर को जाने वाली ट्रांसमिशन लाइन के तीन टावर गिरने के बाद अधिकारियों ने बकेवर व लखना टाउन को भरथना से जोड़ दिया। इससे इन दोनों क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल कर दी गई। ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अभी भी पटरी पर नहीं आ सकती है, ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा कायम है। तेज आंधी से जहां लवेदी के टकरुपुर बिजली घर को जाने वाली बड़ी लाइन के तीन टावर गिरने व ग्रामीण क्षेत्रों में करीब डेढ़ सौ पोल टूटने से बकेवर, लखना, चकरनगर व बहादुरपुर, ढकाताल सहित समूचे ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई थी।
बकेवर की बिजली आपूर्ति सोमवार शाम को बहाल हो गई थी, जबकि लखना बिजली घर की आपूर्ति रात्रि करीब 12 बजे बहाल हो पाई थी। अब चकरनगर बिजली घर को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में भरथना 220 सब स्टेशन से जोड़ने की कवायद जारी है।
पूर्व में चकरनगर बिजली घर को बिजली भरथना 220 सब स्टेशन से ही मिलती थी, उस लाइन के तार करीब दो किमी तक कुड़रिया रजवाहा के किनारे चोरों ने काट लिए थे। कुछ खंभे भी टूट गए थे, उन स्थानों पर नए खंभे लगवाए गए हैं। जिन पर तार खींचे जा रजे थे। इसको सही कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बकेवर व लखना की बिजली आपूर्ति को चीफ इंजीनियर अश्वनी कुमार, अधिशाषी अभियंता पीएम प्रभाकर व अधीक्षण अभियंता एसके शर्मा व जेई इकदिल अमरबहादुर एवं जेई बकेवर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम लगाई गई। लखना टाउन की बिजली आपूर्ति को चालू कराने के लिए यह अधिकारियों की टीम भरथना तक पोलों को चेक करती हुई पहुंची तो तीन स्थानों पर गड़बड़ी पाई गई। ग्राम समसपुर व कंधेसी में इंसूलेटर टूटा मिला व इसके बाद एक फाल्ट गोमती पेट्रोल पंप पर भी मिला, जिसे सही कराने के लिए रात्रि करीब 12 बजे तक तीनों स्थानों पर फाल्ट को सही कराकर आपूर्ति चालू कराई जा सकी। आंधी से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली पोलों के गिरने से 48 घंटे से आपूर्ति ठप है।