कानपुरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहां के हैलट अस्पताल (एलएलआर) की तरह अब उर्सला अस्पताल (यूएचएम) में भी मरीजों के लिए 24 घंटे पैथालाजी जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। यह सुविधा ओपीडी, इमरजेंसी और वार्डों में भर्ती मरीजों को मिलेगी। यहां 100 तरह की जांचें होंगी जो पूरी तरह से नि:शुल्क होंगी। इसके लिए पैथालाजी में तीन शिफ्टों में लैब तकनीशियनों की ड्यूटी लगा दी गई है।
उर्सला के न्यू ओपीडी ब्लाक स्थित पैथालाजी में पहले सुबह आठ बजे से दोपहर 2 बजे तक ही जांचें होती थीं। इसी दौरान मरीजों के सैंपल लिए जाते थे और जांच रिपोर्ट दूसरे दिन दी जाती थी। ओपीडी में एक निजी पैथालाजी के माध्यम से भी मरीजों की जांचें की जाती हैं, पर इस पैथालाजी के काउंटर में भी यह सुविधा दोपहर 2 बजे तक ही मिलती है। मरीज की जांच रिपोर्ट उसी दिन नहीं मिल पाती थी। इससे इलाज प्रभावित होता था। इसी के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी की पैथालाजी को 24 घंटे चलाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। अस्पताल के पैथालाजी विभाग के प्रभारी डॉ. एससी वर्मा ने बताया कि शासन से अनुमति मिलते ही तीन दिन पहले इस पैथालाजी को 24 घंटे के लिए खोल दिया गया है। सभी डाक्टरों को इसकी सूचना दे दी गई है, ताकि मरीजों को फायदा मिल सके। इस पैथालाजी में हीमोग्लोबिन, टीएलसी, डीएलसी, सीरम क्रिएटिनिन, सोडियम, पोटेशियम, एसजीपीटी, एसजीओटी समेत लगभग 100 जांचें पूरी तरह से नि:शुल्क होंगी।