इटावा जेल में बंद महिला अपराधी विजई उर्फ विजया यादव को बिजनौर जेल भेज दिया गया है। जेल प्रशासन ने यह कार्रवाई विजया यादव की गतिविधियों व उसके और अन्य गिरोहों के बीच चली आ रही अनबन को देखते हुए की है।
इससे पहले भी कई बड़े अपराधियों की जेल बदली जा चुकी है। गौरतलब है कि लेेडी डॉन के नाम से कुख्यात फिरोजाबाद जेल से स्थानांतरित होकर आई और बाद में जेल के भीतर उपद्रव का कारण बनी विजया यादव को लेकर इटावा जेल प्रशासन गंभीर था। घटना के बाद से ही उसकी गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा रही थी।
साथ ही उसे इटावा जेल से स्थानांतरित करने को लेकर शासन को पत्र भी लिखा गया। विजया यादव के बाद उपद्रव में शामिल रहे अन्य कैदियों को भी जिले से बाहर करने की तैयारी है।
शातिर महिला अपराधी विजया यादव को अप्रैल की शुरुआत में फिरोजाबाद जेल से इटावा जेल के लिए स्थानांतरित किया गया था। तलाशी के दौरान उसने जमकर हंगामा काटा था। बाद में जेल में बंद उसके साथियों ने भी दो दिन तक लगातार उपद्रव किया था। हंगामा शांत करने मे अफसरों को पसीने आ गए थे।
उपद्रव का कारण बनी विजया यादव को इटावा जेल से स्थानांतरित करने के लिए जेल प्रशासन शासन को चिट्ठी लिखी थी। अब उसे बिजनौर जेल भेज दिया गया।
इटावा जेल में वर्तमान में 119 ऐसे कैदी है जिन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है इन पर अन्य कोई मामला भी विचाराधीन नहीं है। इसके अलावा 22 कैदी है जिन्हें आजीवन कारावास की तो सजा सुनाई जा चुकी है लेकिन उनके प्रकरण विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं। इन्हें भी इटावा जेल से हटाने की प्रक्रिया चल रही है।
उपद्रव की घटना के बाद से ही शातिर महिला बंदी विजया यादव को चार अन्य महिला बंदियाें के साथ विशेष बैरक में रखा गया था। जेल अधीक्षक अनुरुद्ध प्रसाद राय ने बताया कि विजया का ट्रांसफर करने के लिए शासन क ो पत्र भेजा गया था। पत्र में सजायाफ्ता अन्य 119 कैदियाें को भी यहां से हटाने को लिखा गया है।