बीएसए के औचक निरीक्षण में अनियमितताओं पर कई स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एक का संचालन बंद कराने और प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। कई जगह अन्य कमियां भी मिलीं।
इसे लेकर एक प्रधानाध्यापिका को उन्होंने निलंबित कर दिया और एक का वेतन रोका है। इन अनियमितताओं को लेकर उन्होंने संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
पटरी से उतरी चल रही परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था का गुरुवार को बीएसए जेपी राजपूत ने अचानक जायजा लिया। सबसे पहले वह भरथना ब्लाक क्षेत्र के सर्वोच्च अनुभव विद्यामंदिर बरैला पहुंचे। नेशनल हाइवे पर बिरारी के आगे स्थित यह प्ले ग्रुप से कक्षा 8 तक बगैर मान्यता लिए संचालित मिला।
इस उन्होंने भरथना के खंड शिक्षाधिकारी से एक सप्ताह के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने और उक्त विद्यालय का संचालन बंद कराने और प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
महेवा ब्लाक के आरके मेमोरियल बाल विद्या मंदिर के निरीक्षण में मानक के अनुरूप कक्षा कक्ष नहीं पाए। बीएसए ने बताया कि यह विद्यालय वित्तीय लाभ के लिए मैरिज होम के रूप में भी प्रयोग किया जा रहा है, जो नियम विरुद्ध है। इस विद्यालय के संबंध में भी उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी महेवा से स्पष्टीकरण मांगा और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने उन स्कूलों का निरीक्षण भी किया, जिन्होंने मान्यता के लिए आवेदन किया है। इनमें प्राथमिक स्तर के एसएस शिक्षण संस्थान बहेड़ा, शहीद सोबरन सिंह जूनियर हाईस्कूल लखना एवं शिप्रा ग्लोबल एकेडमी गुलाबपुरा मानक के अनुरूप नहीं मिला।
इस संबंध में उन्होंने जांच अधिकारी की प्रस्तुत जांच आख्या पर काफी नाराजगी जताई। साथ ही स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा है कि शासनादेश के विपरीत आख्या में मान्यता प्रदान करने की संस्तुति उन्होंने क्यों की?
प्राथमिक विद्यालय बहेड़ा महेवा में प्रधानाध्यापिका शशि प्रभा बगैर किसी सूचना के गैरहाजिर मिलने पर बीएसए ने उनका एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय बकेवर महेवा में मध्याह्न भोजन की पंजिका में गत वर्ष जुलाई माह से कोई प्रविष्टि अंकित नहीं मिली। कई अन्य कमियां भी मिलीं। इस पर प्रधानाध्यापिका अभिलाषा को बीएस ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।