आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह पौधों की देखरेख करते मजदूर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर मौत हो गई।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के बम्हनीपुर गांव निवासी रामबहादुर कमल (35) पुत्र सीताराम मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कुरखा गांव के सामने एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर लगे पौधों की काट छांट और साफ सफाई कर रहा था।
काम करने के दौरान उसने सड़क पर वाहनों को सावधान करने की मंशा से संकेतक भी खड़े कर रखे थे।
इसके बाद भी एक तेज रफ्तार कार के चालक ने संकेतक को तोड़ते हुए मजदूर रामबहादुर के टक्कर मार दी। उसकी मौके पर मौत हो गई।
चालक कार को मौके से भगा ले गया। लेकिन उसकी कार चौपुला गांव के पास खराब हो गई। यूपीडा कर्मचारियों ने पीछा करते हुए कार व चालक को पकड़ लिया। थाना पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे।
यूपीडा ने कार व चालक पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।