कोरोना को मात देकर पूरी तरह से स्वास्थ्य हुए 62 वर्षीय सेवानिवृत्त सैनिक को मंगलवार को कन्नौज की तिर्वा सीएचसी से छुट्टी मिल गई है।
उनको घर लाने के लिए एंबुलेंस भेजी गई है। इस प्रकार जनपद के दोनों कोरोना पॉजिटिव स्वस्थ हो चुके हैं।
ऊसराहार के सुतियानी निवासी सेवानिवृत्त सैनिक को 14 अप्रैल को कोरोना संदिग्ध के रूप मेें जिला अस्पताल के क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया गया था।
उसी दिन सैंपल लेकर उसे सैफई पीजीआई भेज दिया गया था। 16 अप्रैल की देर रात जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे 17 अप्रैल की सुबह तिर्वा सीएचसी भेज दिया गया था।
तिर्वा में इलाज के दौरान सेवानिवृत्त सैनिक का दो बार सैंपल लिया गया, दोनों ही सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई।
सेवानिवृत्त सैनिक के मुताबिक उसमें कोरोना जैसे लक्षण नहीं थे। वह तो आगरा के पारस हॉस्पिटल में पत्नी का इलाज कराने गया था और पांचवें दिन घर लौट आया था।
कोरोना पॉजिटिव आने पर घर वालों खासकर बेटियों की चिंता थी कि उनका क्या होगा। तिर्वा में इलाज के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई। बताया कि फोन जरूर उनके पास है जो सादा है लेकिन वह नंबर नहीं मिला पाते हैं।
वे केवल कॉल रिसीव ही कर पाते हैं। अस्पताल के स्टाफ ने भी उनका ध्यान रखा। वे इसके लिए वे उनके भी शुक्रगुजार हैं।
इधर, सेवानिवृत्त सैनिक से पूर्व जनपद के पहले कोरोना पॉजिटिव नगला भगत के आलू व्यापारी भी सरसौल सीएचसी से ठीक होकर घर आ चुके हैं।
सीएमओ डॉ.एसएस तोमर ने बताया कि सेवानिवृत्त सैनिक को घर लाने के लिए एंबुलेंस भेज दी है। जनपद के कोरोना मुक्त होने के बारे में बताया कि इसके लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। 21 दिन तक नया केस नहीं आने पर जनपद ग्रीन जोन जनपद की श्रेणी में आ जाएगा।