इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में तीन मंजिला मकान में लेंटर डालने के दौरान मजदूर के ऊपर अचानक बल्ली गिर गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने जिला अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के आईटीआई चौराहे के पास बुधवार सुबह एक तीन मंजिला मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। भवन में लेंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान कटेखेड़ा सराय भूपत निवासी दुर्गेश कुमार (35) बल्ली गिरने से घायल हो गया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद कुछ समय तक दुर्गेश को उचित उपचार नहीं मिला। बेटे सागर ने बताया कि पिता की हालत खराब होते देख उसने खुद उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की।
करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा लेकिन सही इलाज नहीं मिल सका। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल प्रशासन ने दुर्गेश को सैफई रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें सैफई लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।