चकरनगर। बिठौली थाना क्षेत्र के नीमरी गांव में महापुरुषों का विद्युत पोल पर लगा पोस्टर फाड़कर जमीन पर गिराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसडीएम न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
बुधवार रात करीब 10 बजे नीमरी निवासी गोविंद सिंह परिहार उर्फ गुप्ती ने विद्युत खंभे पर लगे महापुरुषों के पोस्टर को फाड़कर नीचे गिरा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिठौली थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र विक्रम सिंह ने पुलिस बल के साथ स्थिति को संभालते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने रत्नेश कुमार दोहरे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। गुरुवार दोपहर आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के लिए जिला जेल भेज दिया गया। बताया गया कि चार दिन पूर्व भी आरोपी शांतिभंग की कार्रवाई में एसडीएम न्यायालय पहुंचा था, जहां उसे छह माह की पाबंदी और भविष्य में ऐसा न करने की शर्त पर जमानत दी गई थी।
इसके बावजूद उसने दोबारा घटना को अंजाम दे दिया। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी का घर उसी स्थान के सामने है, जहां पोस्टर लगाया गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है। क्षतिग्रस्त पोस्टर को ठीक कराकर दोबारा उसी स्थान पर लगवा दिया गया है।