इकदिल। श्रम शक्ति एक्सप्रेस के इंजन में शनिवार तड़के खराबी आ गई। इस पर ट्रेन को इकदिल रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। बाद में ट्रेन में दूसरा इंजन लगाकर उसे डेढ़ घंटे बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सुबह करीब 4:29 बजे नई दिल्ली से कानपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस इकदिल रेलवे स्टेशन पर आकर रुक गई। चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाने का काफी प्रयास किया लेकिन ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। पायलट ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम टूंडला को दी। इसके बाद तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। काफी प्रयास के बाद तकनीकी टीम इंजन में आई खराबी को दूर नहीं कर सकी। बाद में दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को करीब 5:50 बजे कानपुर के लिए रवाना किया गया।
ट्रेन के लंबे समय तक स्टेशन पर खड़े रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री देरी को लेकर चिंतित और परेशान नजर आए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई थी जिसे समय रहते ठीक कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया।