इटावा। सैफई रोड ग्राम कुनैरा स्थित दिगंबर जैन नवग्रह अहिंसा तीर्थ क्षेत्र को 10 दिसंबर से शुरू होने वाले भगवान महावीर जिनविंब पंचकल्याणक एवं गणधर प्रतिष्ठा महामहोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
कुनैरा में स्थित अहिंसा तीर्थक्षेत्र को कुंडलपुर नगरी का नाम दिया गया है। अंतिम तैयारियां चल रही हैं। आचार्य प्रमुख सागर महाराज ने बताया कि रामलीला मैदान में अयोध्या नगरी के बाद अब कुनैरा को कुंडलपुर नगरी के रूप में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जा रहा है।
गणाचार्य विराग सागर ससंघ सहित आचार्य चैत्य सागर, आचार्य सौभाग्य सागर, आचार्य सुरत्न सागर, आचार्य आदित्य कुमार, आचार्य विज्ञान भूषण समेत मेडिटेशन गुरु मुनि विहसंत सागर का सानिध्य रहेगा।
आचार्य प्रमुख सागर का सोमवार को नया शहर स्थित जैन मंदिर में गाजे बाजे के साथ प्रवेश हुआ। विकास समिति की ओर से सुदर्शन जैन, अजित बाबू जैन, धर्मेंद्र कुमार जैन, विजय जैन, अनिल जैन अहिंसा, तरुण जैन, योगेंद्र जैन, सर्वेश जैन ने आचार्य श्री की आगवानी की।
जगह-जगह उनका पाद प्रछालन एवं आरती उतारकर स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष संजू जैन ने बताया कि आचार्य श्री दो दिन नया शहर मंदिर में प्रवास कर साधना करेंगे। आठ दिसंबर को पंसारी टोला स्थित पंचायती जैन मंदिर में मंगल प्रवेश करेंगे।