बसरेहर। विकास खंड बसरेहर में सभी ग्राम पंचायत के प्रधानों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। एडीओ पंचायत जमाल अहमद ने बताया कि ब्लाक के अंतर्गत कुल 67 ग्राम पंचायतोें में से 59 के प्रधान मौजूद रहे।
प्रशिक्षक गंगाराम यादव ने सभी प्रधानों को उनके अधिकार एवं कर्तव्य के बारे में जानकारी दी। पंचायत में अभिलेखों का रखरखाव, मानवीय एवं वित्तीय संसाधनों का सही ढंग से प्रयोग करना बताया। जन सहभागिता के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में जीपीडीपी निर्माण में अनुसूचित जाति, जनजाति, दिव्यांगजन, वृद्धजन महिलाओं तथा बच्चों के हितों का ख्याल रखते हुए कार्य योजना बनाने के बारे में जानकारी दी।
एडीओ पंचायत जमाल अहमद ने गिरते हुए भूगर्भ जल के स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा सभी लोग जागरूक हों। जल की बर्बादी को रोकें। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एडीओ समाज कल्याण तथा ब्लाक के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।