इकदिल। थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित मोहल्ला बजरिया में गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे खाना बनाते समय रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव होने से आग लग गई। इस अग्निकांड में रसोई का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, जलते सिलिंडर को बाहर निकालने के प्रयास में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
मोहल्ला बजरिया निवासी बृजेश के घर में उनकी पत्नी संगीता रात के भोजन की तैयारी कर रही थीं। तभी अचानक गैस सिलिंडर से रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। घटना के समय बच्चे भी घर में मौजूद थे। इससे चीखपुकार मच गई। तभी मोहल्ले का ही युवक राहुल अपनी जान की परवाह किए बिना रसोई में घुसा। उसने जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर निकालने का साहसिक प्रयास किया लेकिन इस दौरान वह आग की लपटों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही 112 पीआरवी, स्थानीय थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।