फोटो 30::::मनीष यादव की फाइल फोटो।
इकदिल (इटावा)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक का अपहरण करके उसकी हत्या कर दी गई। युवक का शव बोरी में बंद करके इकदिल थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इस दौरान गुजरी ट्रेन से बोरे में बंद शव के चीथड़े उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। परिजन ने गांव के पड़ोसियों पर जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है।
भरथना क्षेत्र के नगला बंधा गांव निवासी मनीष यादव (23) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पिता राजवीर सिंह ने बताया कि मनीष बुधवार सुबह करीब सात बजे कोचिंग के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो तलाश शुरू की गई। मनीष का मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ बताने पर रात में कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुरुवार रात लगभग 11 बजे इकदिल पुलिस को नावली गांव के पास गांव से लगभग 12 किमी दूर डीएफसी रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़ा मिला होने की सूचना मिली। घटनास्थल पर क्षतविक्षत हालत में शव पड़ा था। कटी गर्दन अलग पड़ी थी। एक हाथ और एक पैर का हिस्सा भी धड़ से अलग पड़ा था। शव के पास ही पांच फीट की एक रस्सी और फटी हुई प्लास्टिक की बोरी पड़ी हुई थी। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को मोर्चरी पर रखवा दिया गया है। शुक्रवार सुबह पिता राजवीर सिंह, बड़े भाई अवनीश यादव ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। बेटे का शव देखकर पिता बेसुध हो गए।
पिता पिता राजवीर सिंह ने पोस्टामर्टम हाउस पर सीओ सिटी को शिकायत की। कहा कि थाना पुलिस ने लापरवाही बरती है। पड़ोस में रहने वाली महिला से विवाद के बारे में भी बताया था पर पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बताया कि कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई जारी है। आए दिन दोनों परिवारों में मारपीट होती है। महिला पहले भी मेरे परिवार के खिलाफ कई झूठे मुकदमे दर्ज करा चुकी है। पिता ने आरोप लगाया कि महिला ने ही मेरे बेटे की हत्या कराई है। सीओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।