उदी (इटावा)। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गेस्ट हाउस में बरात में आई छह साल की बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर सोमवार रात रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया। मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाकर पुलिस ने पांच घंटे में उसे दबोच लिया। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव के गेस्ट हाउस में सोमवार रात विवाह कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने थाना क्षेत्र का एक परिवार भी आया था। परिवार के साथ छह वर्षीय बच्ची भी थी। रात करीब 11:30 बच्ची गायब हो गई। ढूंढने पर बच्चे का पता न लगने पर परिजनों ने करीब 12:30 बजे 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पछांय गांव थाना क्षेत्र के सीतापुरा गांव का अमित उर्फ डब्बू भी लापता है। लोगों ने बताया कि अमित बच्ची को कभी चाकलेट तो कभी नमकीन देकर बहला रहा था। कुछ देर बाद दोनों लापता हो गए।
एसओ मुकेश सोलंकी ने बच्ची और रिश्तेदार की तलाश के लिए तीन टीमें लगाईं। रिश्तेदार का मोबाइल भी सर्विलांस पर लगाया गया। सुबह करीब 5:30 बजे रिश्तेदार को गांव से बाहर एक खेत से दबोच लिया गया। बच्ची बदहाल पड़ी थी, उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे चिकित्सा विवि सैफई रेफर कर दिया गया। एसओ मुकेश सोलंकी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।