इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को शहर के 11 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने होमगार्ड परीक्षा के इंतजामों का जायजा लिया। जिले में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड परीक्षा दो पालियों में होगी।
परीक्षा में कन्नौज, औरैया और फर्रुखाबाद के अभ्यर्थी शामिल होंगे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैठने की क्षमता और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता पर ध्यान दिया। रोशनी, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कोषागार दफ्तर में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्रों और गोपनीय सामग्री की जांच की।